शिवकालीन परंपराओं, सांस्कृतिक और वैचारिक कार्यक्रमों के साथ हुआ आयोजन
By धम्मशील सावंत, Newsfirst24.in
Published: February 22, 2025, 07:49PM
रायगढ़: मराठा साम्राज्य के वीर सेनानी सूबेदार नरवीर तानाजी मालुसरे का 355वां शौर्य दिवस एवं पुण्यतिथि समारोह रायगढ़ जिले के पोलादपुर तालुका के उंबरठ गांव में भव्य रूप से आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम रायगढ़ जिला परिषद एवं उंबरठ ग्रामवासियों के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुआ, जिसमें शिवकालीन परंपराओं, ऐतिहासिक स्मरण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और वैचारिक चर्चाओं का आयोजन किया गया।
समाधि स्थल को फूलों से सजाया गया
इस अवसर पर सूबेदार तानाजी मालुसरे की समाधि को भव्य रूप से सजाया गया। श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से लोग उमड़े। पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धा और सम्मान प्रकट करने के लिए समाधि स्थल पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें मराठा परंपराओं और छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास से जुड़ी घटनाओं को संजोया गया।
मंत्री भरत गोगावले ने दी श्रद्धांजलि
महाराष्ट्र सरकार में रोजगार गारंटी और बागवानी मंत्री भरत गोगावले ने कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहकर तानाजी मालुसरे को नमन किया। उन्होंने कहा,
“तानाजी मालुसरे केवल एक योद्धा नहीं, बल्कि स्वराज्य के प्रति निष्ठा और बलिदान का प्रतीक हैं। उन्होंने सिंहगढ़ की लड़ाई में जो पराक्रम दिखाया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।”
तानाजी मालुसरे के वंशज भी रहे मौजूद
इस अवसर पर तानाजी मालुसरे के तेरहवें वंशज रायबा मालुसरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा,
“आज भी तानाजी मालुसरे की वीरता को याद करके हम गर्व महसूस करते हैं। उनके आदर्शों और स्वराज्य के प्रति उनकी निष्ठा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है।”
यह खबर भी पढ़ें
बुलढाणा में 12 करोड़ की अफीम जब्त, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
संयुक्त आयुक्त 20 साल छोटी महिला के साथ रह रहे थे, पत्नी अचानक से पहुंची, जमकर हुआ हंगामा
इडली सांभर में निकला दांत! खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल, जांच की मांग
दो दिवसीय आयोजन में विविध कार्यक्रम
इस पुण्यतिथि कार्यक्रम के तहत दो दिनों तक विभिन्न आयोजन किए गए। इनमें शिवकालीन युद्धकला प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्याख्यानमाला, और मराठा इतिहास पर आधारित विशेष संगोष्ठी आयोजित की गई। ग्रामीणों और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से यह आयोजन ऐतिहासिक और भव्य रूप में संपन्न हुआ।











Leave a Reply