By DELHI BUREAU, Newsfirst24.in
Published: February 01 , 2025, 02:54 PM

Nirmala Sitaranam presented the budget wearing the sari of Dulari, the maid
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025-26 पेश करने के दौरान बिहार की पहचान, मिथिला पेंटिंग वाली साड़ी पहनकर खास संदेश दिया। यह साड़ी उन्हें बिहार दौरे के दौरान दुलारी देवी ने भेंट की थी। एक समय था जब दुलारी देवी दूसरे के घरों में बर्तन मांजकर गुजारा करतीं थीं। वित्त मंत्री की इस साड़ी ने न केवल कला और संस्कृति को सम्मान दिया, बल्कि चुनावी साल में बिहार को एक अहम संकेत भी दिया।
मछुआरा परिवार से मिथिला कला की ऊंचाइयों तक
दुलारी देवी का जीवन संघर्ष और सफलता की मिसाल है। मधुबनी जिले के रांटी गांव में जन्मीं दुलारी देवी का बचपन गरीबी में गुजरा। पढ़ाई-लिखाई का मौका नहीं मिला, कम उम्र में शादी हुई और जल्द ही परिवार की जिम्मेदारियां आ गईं।
हालात ने उन्हें मजदूरी और दूसरों के घरों में बर्तन मांजने को मजबूर कर दिया। लेकिन मेहनत और हुनर ने उनका भविष्य बदल दिया। मिथिला पेंटिंग की मशहूर कलाकार कर्पूरी देवी के घर में काम करते हुए उन्होंने इस कला को समझा और फिर पद्मश्री महासुंदरी देवी से प्रशिक्षण लेकर खुद को इस विधा में निपुण बनाया। उनकी मेहनत रंग लाई और 2021 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया।
यह खबर भी पढ़ें
बजट 2025-26 एक नजर में: मध्यम वर्ग, किसानों और उद्यमियों को बड़ी राहत, 12 लाख तक की आय टैक्स फ्री
गंगाजल का वैज्ञानिक रहस्य: महाकुंभ में 28 करोड़ लोगों ने स्नान किया फिर ही क्यों मैली नहीं हुई गंगा
ममता कुलकर्णी महामंडलेश्वर पद से बर्खास्त, किन्नर अखाड़े में बगावत, नेतृत्व पर संकट
मिथिला पेंटिंग को राष्ट्रीय पहचान

वित्त मंत्री की साड़ी पर बनी मिथिला पेंटिंग में पान, मखाना और मछली को दर्शाया गया है। ये तीनों ही मिथिला की सांस्कृतिक पहचान हैं और शुभ अवसरों पर इनका विशेष महत्व होता है। वित्त मंत्री का यह कदम बिहार की पारंपरिक कला को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का संकेत माना जा रहा है।
बिहार में सियासी हलचल
बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में वित्त मंत्री द्वारा मिथिला पेंटिंग वाली साड़ी पहनना महज संयोग नहीं माना जा सकता। जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने इसे बिहार के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा, “वित्त मंत्री का यह कदम न सिर्फ मिथिला पेंटिंग को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक धरोहर को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।”
वित्त मंत्री के इस सांस्कृतिक संदेश से बिहार के कलाकारों और शिल्पकारों को नई ऊर्जा मिलेगी। मिथिला पेंटिंग, जो सदियों से बिहार की पहचान रही है, अब राष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर चमक रही है।















Leave a Reply