By पवन मराठे, Newsfirst24.in
Published: February 02, 2025, 11:48 AM
धुले: महाराष्ट्र के धुले जिले के एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित संजय सोया ऑयल कंपनी में शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हुआ। कंपनी में लोहे की टंकी की वेल्डिंग करते समय हुए विस्फोट में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
वेल्डिंग के दौरान अचानक लोहे की टंकी में विस्फोट

शनिवार शाम संजय सोया ऑयल कंपनी में दो मजदूर वेल्डिंग का काम कर रहे थे। वेल्डिंग के दौरान अचानक लोहे की टंकी में विस्फोट हो गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। उत्तर प्रदेश के रहने वाले मजदूरों में से एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल मजदूर को तत्काल स्थानीय हीरे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, घायल मजदूर के शरीर पर गंभीर जलने और आंतरिक चोटें आई हैं, जिसके कारण उसका इलाज जारी है।
कंपनी प्रबंधन से भी पूछताछ कर रही है
हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग, मोहाडी पुलिस स्टेशन और स्थानीय निवासी घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल विभाग की टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कंपनी में किसी अन्य संभावित खतरे की जांच की। पुलिस ने कंपनी प्रबंधन से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
अन्य संभावनाओं की भी जांच
मोहाडी पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि वेल्डिंग के दौरान टंकी में बचा हुआ ज्वलनशील पदार्थ विस्फोट का कारण बन सकता है। हालांकि, पुलिस अन्य संभावनाओं की भी जांच कर रही है और कंपनी प्रबंधन से सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी?
औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा हमेशा से एक बड़ा मुद्दा रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन और श्रम विभाग से इस हादसे को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की जा रही है।
यह खबर भी पढ़ें
गढ़चिरौली: माओवादियों ने की पूर्व सभापति की हत्या, इलाके में दहशत
नागपुर सेंट्रल जेल: अंदर से लेकर बाहर तक नशे का कारोबार, बैरकों में हर जगह धुंआ-धुंआ
गंगाजल का वैज्ञानिक रहस्य: महाकुंभ में 28 करोड़ लोगों ने स्नान किया फिर ही क्यों मैली नहीं हुई गंगा
सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं इसकी भी जांच
मोहाडी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, “हम घटना की पूरी जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि विस्फोट का असली कारण क्या था। कंपनी में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, यह भी जांच का हिस्सा है।”
इस दर्दनाक घटना ने धुले के औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।











Leave a Reply