By रवि आर्य, Newsfirst24.in
Published: February04 , 2025, 04:14 PM
गोंदिया। अब मंदिर भी चोरों के निशाने पर आने लगे हैं। शहर के रेलटोली इलाके में स्थित रामदेवरा मंदिर में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने 4 किलो वजनी चांदी की मूर्ति और 1 किलो वजनी चरण पादुका चोरी कर ली। इस घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश और भय का माहौल है।
सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की वारदात
पुलिस के मुताबिक, यह चोरी 2 फरवरी रात 10 बजे से 3 फरवरी तड़के 5:15 बजे के बीच हुई। सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश चोर को मंदिर में घुसते और चोरी करते हुए देखा गया है। फुटेज के आधार पर रामनगर पुलिस और लोकल क्राइम ब्रांच की टीमें चोर की तलाश में जुटी हैं।
कैसे हुई चोरी?

मंदिर के पुजारी प्रदीप गर्ग के अनुसार, रात 10:15 बजे एक चोर मंदिर के मुख्य दरवाजे से प्रवेश कर किचन की ओर बढ़ा। उसने झरोखे से मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचने का रास्ता बनाया और ताले तोड़कर अंदर दाखिल हो गया।
चोर ने पहले रामदेव बाबा की चांदी की मूर्ति का छत्र हटाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा। इसके बाद वह मूर्ति और चरण पादुका उठाकर ले गया। खास बात यह है कि चोर ने सिर्फ मूर्ति और चरण पादुका ही चुराई, जबकि चांदी का छत्र, मुकुट, कटोरी, थाली और अन्य चांदी के बर्तन वहीं छोड़ दिए।
सुबह तड़के खुला चोरी का राज
सुबह 5:15 बजे जब पुजारी ने मंदिर खोला, तो उन्हें ताला टूटा हुआ मिला। उन्होंने तुरंत मंदिर ट्रस्टियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद रामनगर पुलिस को सूचना दी गई।
यह खबर भी पढ़ें
प्रयागराज कुंभ मेले के नाम पर नागरिकों से धोखाधड़ी, गुस्साए नागरिकों का हंगामा
जब कुत्तों से डरकर तेंदुए ने पेड़ पर चढ़कर जान बचाई, देखें वीडियो
बर्तन मांजने वालीं दुलारी की साड़ी पहनकर निर्मला सीतारणम ने पेश किया बजट
फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की जांच
घटना की सूचना मिलते ही फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। उपविभागीय पुलिस अधिकारी रोहिणी बनकर ने भी घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने चोर को पकड़ने के लिए चार से पांच टीमें गठित की हैं।
पुलिस में मामला दर्ज
इस चोरी की घटना को लेकर फरियादी हरिलाल भाई राठौड़ (62, निवासी गड्ढा टोली, गोंदिया) की शिकायत पर धारा 305 (D) भारतीय दंड संहिता 2023 के तहत अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
आस्था के मंदिर में चोरी, श्रद्धालुओं में आक्रोश
रामदेवरा मंदिर में हुई इस चोरी के बाद श्रद्धालुओं में गुस्सा है। वे पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोर को पकड़ने और मूर्ति वापस लाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही कोई ठोस सुराग मिलने की उम्मीद है।











Leave a Reply