27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सत्ता वापसी
By Arvind Jadhav
Published: February, 2025 20, 04:47 PM
Rekha Gupta Delhi CM: Rekha Gupta became Delhi CM on PM’s advice, BJP’s return after 27 years
दिल्ली | 27 साल के लंबे इंतजार के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली विधानसभा में जबरदस्त जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी कर ली है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी है। सूत्रों के अनुसार PM की राय से रेखा गुप्ता दिल्ली की CM बनी। यही कारण है कि पहली बार विधायक बनने के बाद सीधे CM बनाया गया। ्र
रेखा गुप्ता भाजपा की ओर से दिल्ली की दूसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी और अब तक दिल्ली को कुल चार महिला मुख्यमंत्री मिलने का गौरव प्राप्त हो चुका है।
रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर जमीनी स्तर से शुरू हुआ है। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुकी हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ अध्यक्ष से लेकर दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा तक का नेतृत्व किया है।
2007 में पहली बार पार्षद चुनी गईं और महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष भी रहीं। इस विधानसभा चुनाव में पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता को सीधे मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने का निर्णय भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का बड़ा दांव माना जा रहा है।
27 साल बाद भाजपा की वापसी
दिल्ली में भाजपा ने पिछली बार 1993 में मदनलाल खुराना के नेतृत्व में सरकार बनाई थी। इसके बाद 1998 में सुषमा स्वराज मुख्यमंत्री बनी थीं, लेकिन कुछ ही महीनों बाद हुए चुनाव में कांग्रेस ने सत्ता पर कब्जा कर लिया और शीला दीक्षित लगातार 15 साल (1998-2013) तक मुख्यमंत्री रहीं।
2013 में अन्ना हजारे के जनलोकपाल आंदोलन से निकले अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली की सत्ता हासिल कर ली। मुफ्त बिजली-पानी और शिक्षा के मॉडल पर चुनाव जीतने वाली AAP लगातार दो बार सत्ता में बनी रही, लेकिन इस बार मतदाताओं ने भाजपा को मौका दिया है।
भाजपा को बहुमत, AAP का जनाधार घटा
इस चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि अरविंद केजरीवाल की AAP को सिर्फ 22 सीटें मिलीं। कांग्रेस, जो पिछले 10 वर्षों में खाता तक नहीं खोल पाई थी, इस बार उसके वोट प्रतिशत में सुधार देखने को मिला।
AAP को सबसे ज्यादा नुकसान कांग्रेस से हुए वोट ट्रांसफर की वजह से हुआ। कांग्रेस को जो वोट मिले, वे उन सीटों पर अधिक थे जहां AAP मजबूत थी, जिससे भाजपा को फायदा हुआ। इसके अलावा, केजरीवाल सरकार पर लगे शराब नीति घोटाले और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी ने भी मतदाताओं को प्रभावित किया।
यह खबर भी पढ़ें
धुले: हाईवे पर कागज की तरह जल गई लग्जरी बस, देखें वीडियो
maharashtra politics :फडणवीस-शिंदे के बीच टकराव चरम पर , एक-दूसरे का सामना करने तक से भी बच रहे हैं
शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारी
रेखा गुप्ता के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है।
यह समारोह 20 फरवरी को दोपहर 12 बजे दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
इस समारोह में ऑटो-रिक्शा चालकों, टैक्सी ड्राइवरों, मजदूरों, झुग्गी बस्तियों में रहने वाले नागरिकों और महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। अनुमान है कि करीब 5 लाख लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 25,000 जवानों की तैनाती की जाएगी, साथ ही दिल्ली पुलिस के 5,000 अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
भाजपा के लिए क्या होगा अगला कदम?
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि रेखा गुप्ता का मुख्यमंत्री बनना भाजपा के लिए दिल्ली और उत्तर प्रदेश दोनों में ओबीसी वोटरों को साधने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। दिल्ली में महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाकर भाजपा ने 2027 के नगर निगम चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव की नींव रख दी है। अब देखना यह होगा कि नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपनी नई भूमिका में कितना सफल साबित होती हैं और भाजपा दिल्ली में अपने शासन को कैसे आगे बढ़ाती है।















Leave a Reply