नागपुर से भटककर गोंदिया रेलवे स्टेशन पहुंचा बच्चा, पुलिस ने परिजनों से मिलाया
By रवि आर्य, Newsfirst24.in
Published: march 15, 2025, 03:38 PM
Mother slapped son for not doing his homework, son got angry and ran away from home
गोंदिया। आजकल बच्चे माता-पिता की मामूली डांट भी सहन नहीं कर पाते और गुस्से में घर छोड़कर चले जाते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया जब 13 वर्षीय साहिल मिश्रा ने होमवर्क न करने पर मां की फटकार से नाराज होकर घर छोड़ दिया। लेकिन रास्ता भटकने के बाद वह गोंदिया रेलवे स्टेशन पहुंच गया, जहां रेलवे पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उसे परिजनों से मिलाया।
रेलवे स्टेशन पर अकेला भटकता दिखा बच्चा
रात के समय अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस (12833) जब गोंदिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 पर रुकी, तो पुलिसकर्मियों ने देखा कि एक बच्चा कंधे पर स्कूल बैग लिए इधर-उधर भटक रहा था और ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था।
रेलवे पुलिसकर्मियों कुणाल गिरंतवार, शैलेश उके, देवानंद मंडलवार, सूरज इंगोले और प्रीति गाडगे ने तुरंत बच्चे को रोका और पूछताछ की, लेकिन वह घबराया हुआ था और कुछ नहीं बता रहा था। इसके बाद उसे गोंदिया रेलवे पुलिस थाना लाया गया।
मां की डांट से नाराज होकर निकला, स्कूल से गायब हो गया
रेलवे पुलिस के एएसआई रमेश भालेराव ने जब बच्चे को विश्वास में लेकर पूछताछ की, तब उसने अपना नाम साहिल मिश्रा (निवासी जूना कामठी, कलमना रोड, नागपुर) बताया।
साहिल ने बताया कि 10 मार्च को वह रोज की तरह ऑटो से स्कूल गया था, लेकिन अपनी मां की डांट और थप्पड़ से नाराज होकर उसने स्कूल में दोस्त से कहा कि नाश्ता करने जा रहा है और फिर वहां से निकल गया।
पैरेंट्स मीटिंग में मां को बेटे के गायब होने का पता चला
जब साहिल की मां पेरेंट्स मीटिंग के लिए स्कूल पहुंची, तो पता चला कि साहिल लंच ब्रेक में बाहर गया था लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आया। घबराई मां ने उसे ढूंढना शुरू किया, लेकिन जब कोई खबर नहीं मिली, तो यशोधरा नगर पुलिस स्टेशन, नागपुर में गुमशुदगी की रिपोर्ट (अ.क्र. 186/25, धारा 137(2)) दर्ज कराई।
यह खबर भी पढ़ें
बुलढाणा: होली पर डीजे बजाने को लेकर झड़प, 6 लोग घायल, 36 पर मामला दर्ज
मलकापुर: सत्ताधारी विधायक चैनसुख संचेती को विकास निधि नहीं, पूर्व विधायक राजेश एकडे को मिले 25 करोड़
गोंदिया: होली पर अवैध संबंधों के शक में युवक की गला रेतकर हत्या, पुलिस ने 3 घंटे में सुलझाया मामला
रेलवे पुलिस की सतर्कता से बचा बड़ा हादसा
नागपुर पुलिस ने देर रात गोंदिया रेलवे पुलिस से संपर्क किया और साहिल के बारे में जानकारी ली। इसके बाद साहिल के माता-पिता और यशोधरा नगर पुलिस टीम गोंदिया पहुंची।
बेटे को सकुशल देखकर माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद साहिल को उसके माता-पिता को सौंप दिया।











Leave a Reply