By पवन मराठे, Newsfirst24.in
Published: February 01, 2025, 04:41 PM
धुले: जिले के जूनेर शिवार में अवैध रूप से खोदी गई सुरंग धंसने से एक बुजुर्ग ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लघु खनिज माफिया संजय जायसवाल द्वारा किए जा रहे अवैध खनन के चलते यह हादसा हुआ। प्रशासन को कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे यह गंभीर दुर्घटना घटी।
कैसे हुआ हादसा?

जूनेर शिवार में लंबे समय से अवैध खनन किया जा रहा था। आरोप है कि संजय जायसवाल नामक माफिया ने सुरंग खोदकर खनिज चुराने का धंधा चला रखा था। इसी दौरान शुक्रवार को एक बड़ी चट्टान गिर गई, जिससे 65 वर्षीय नारायण कदम बुरी तरह जख्मी हो गए। उन्हें गंभीर हालत में धुले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई। फिलहाल उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
प्रशासन पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन ने आंखें मूंद रखी हैं। कई बार शिकायतें देने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नारायण कदम के परिजनों ने साफ कहा कि यदि उनके पिता को कुछ हुआ तो प्रशासन और संजय जायसवाल दोनों इसके जिम्मेदार होंगे।
खनिज चोरी का अड्डा बना धुले तालुका
धुले तालुका के जुन्नार और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनिज खनन बड़े पैमाने पर चल रहा है। सुरंगें खोदकर लघु खनिजों की चोरी की जा रही है, जिससे माफिया को करोड़ों की कमाई हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने बार-बार शिकायतें दर्ज करवाईं, लेकिन प्रशासन कार्रवाई करने से बचता रहा।
यह खबर भी पढ़ें
बजट 2025-26 एक नजर में: मध्यम वर्ग, किसानों और उद्यमियों को बड़ी राहत, 12 लाख तक की आय टैक्स फ्री
बर्तन मांजने वालीं दुलारी की साड़ी पहनकर निर्मला सीतारणम ने पेश किया बजट
गंगाजल का वैज्ञानिक रहस्य: महाकुंभ में 28 करोड़ लोगों ने स्नान किया फिर ही क्यों मैली नहीं हुई गंगा
किसका संरक्षण प्राप्त है माफिया को?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन इन माफियाओं पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा? क्या इन्हें किसी राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण का फायदा मिल रहा है? ग्रामीणों की मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और संजय जायसवाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि क्या प्रशासन किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या फिर अवैध खनन के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाएगा?











Leave a Reply