पूर्व विधायक तुकाराम बिरकड का सड़क हादसे में निधन
अकोला, 13 फरवरी (हिं.स.) – राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार गुट) के पूर्व विधायक और वैधानिक विकास महामंडल के पूर्व अध्यक्ष तुकाराम बिरकड का आज, गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। यह हादसा अकोला के शिवणी शिवर गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने हुआ, जब एक मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे से पहले तुकाराम बिरकड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे से अकोला हवाई अड्डे पर मिले थे। वहां से वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, जिस मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी, वह मवेशियों की अवैध तस्करी कर रहा था। पुलिस उस वाहन का पीछा कर रही थी, जिसके चलते चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने की कोशिश की और इसी दौरान यह हादसा हो गया।
परिवार में शोक की लहर
कुछ ही दिनों बाद बिरकड परिवार सहित महाकुंभ मेले में जाने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनकी पत्नी, भाई प्रकाश बिरकड और शत्रुघ्न बिरकड गहरे सदमे में हैं।
राजनीतिक सफर
- तुकाराम बिरकड 2004 से 2009 तक मूर्तिजापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे।
- कांग्रेस-राष्ट्रवादी सरकार के कार्यकाल में विदर्भ वैधानिक विकास मंडल के अध्यक्ष रहे।
- वे राष्ट्रवादी कांग्रेस के माली समाज के बड़े नेता थे।
- विधायक बनने से पहले अकोला जिला परिषद में सभापति के रूप में भी कार्यरत थे।
Read Also:
🔹 पूर्व विधायक हर्षवर्धन सपकाळ बने महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
🔹 अमेरिका में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, ट्रंप से अहम मुलाकात आज
🔹 नया आयकर विधेयक 2025: करदाताओं के लिए क्या बदलेगा?















Leave a Reply