NewsFirst24.in

खबर वही, जो छुपाई जा रही है

महाशिवरात्रि पर पवित्र स्नान बना काल, गोदावरी व श्रीशैलम में 8 की मौत

रमेश सोलंकी।

हैदराबाद/अमरावती। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा किए गए पवित्र स्नान ने कई परिवारों के लिए असीम दुख ला दिया। बुधवार को तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर हुए हादसों में कुल आठ लोगों की डूबने से मौत हो गई।

गोदावरी नदी में पांच छात्रों की मौत

  • आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के ताडिपुडी में पवित्र स्नान के दौरान पांच छात्रों की जान चली गई। बुधवार सुबह 11 दोस्त गोदावरी नदी में स्नान करने पहुंचे थे, लेकिन गहराई का सही अंदाजा न होने के कारण पांच छात्र डूब गए। मृतकों की पहचान पडाला दुर्गा प्रसाद (19), पडाला साई (19), तिरुमलसेट्टी पवन (17), ए पवन (19) और जी आकाश (19) के रूप में हुई है।

श्रीशैलम में पिता-पुत्र की डूबकर मौत

एक अन्य हादसा श्रीशैलम के पाताल गंगा में हुआ, जहां स्नान के लिए गए पिता-पुत्र की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन वे तेलंगाना के निवासी बताए जा रहे हैं।

मंचेरियल जिले में एक व्यक्ति लापता

तेलंगाना के मंचेरियल जिले के कोटापल्ली मंडल के पारुपल्ली गांव के रहने वाले 50 वर्षीय राधाम डी. राजेश भी गोदावरी नदी में स्नान के दौरान लापता हो गए। शिवरात्रि के अवसर पर जब देवी मूर्तियों को नदी में प्रवाहित किया जा रहा था, तब वे भी गांव वालों के साथ वहां पहुंचे थे। स्नान के लिए पानी में उतरने के बाद वे वापस नहीं लौटे।

धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा का सवाल

हर साल धार्मिक आयोजनों में इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन प्रशासन और श्रद्धालु दोनों की लापरवाही के चलते दुर्घटनाएं दोहराई जाती हैं। गहरे पानी में उतरने से पहले पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए, और प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *