By कुंवरचंद मंडले
Published: march 07, 2025, 04:27 PM
नांदेड़: शहर के ज्ञानमाता विद्या विहार इंग्लिश स्कूल में चौथी कक्षा के एक छात्र के साथ स्कूल के सेवक द्वारा यौन उत्पीड़न किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्र ने हिम्मत जुटाकर अपने माता-पिता को आपबीती सुनाई, जिसके बाद विमानतल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी सेवक साबसिंग़ मच्छल (50) को गिरफ्तार कर लिया और POCSO (प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेस) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
स्कूल के स्टोर रूम में की शर्मनाक हरकत
गुरुवार दोपहर स्कूल की छुट्टी से पहले छात्र अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। खेल समाप्त होने के बाद वह क्रिकेट किट स्टोर रूम में रखने गया, जहां आरोपी सेवक ने उसे जबरदस्ती दबोच लिया और उसका यौन उत्पीड़न किया।
छात्र इस घटना से बुरी तरह डर गया और घबराहट की स्थिति में रोते हुए दिखाई दिया। स्कूल की एक महिला शिक्षिका ने उसे परेशान देखा, लेकिन वह कुछ कह नहीं सका। घर पहुंचने के बाद जब उसने अपनी मां को इस घटना के बारे में बताया, तो माता-पिता तुरंत पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सेवक साबसिंग़ मच्छल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपाधीक्षक सुशीलकुमार नायक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
अभिभावकों में आक्रोश, स्कूल प्रशासन पर उठे सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों में रोष है। माता-पिता ने स्कूल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं और स्कूल में स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया को सख्त करने की मांग की है।
यह खबर भी पढ़ें
गोंदिया में खाद बिक्री में अनियमितता, 31 कृषि केंद्रों के लाइसेंस निलंबित
जालना में बर्बरता: मंदिर में जाने से नाराज लोगों ने युवक को सलाखों से दागा
मोदी-मेडिटेशन: अवचेतन मन की शक्ति से हीलिंग के डॉ. सुधीर खेतावत ने किए अनोखे प्रयोग
पुलिस की अपील: स्टाफ का चरित्र सत्यापन हो अनिवार्य
पुलिस उपाधीक्षक सुशीलकुमार नायक ने स्कूल प्रशासन को निर्देश दिया है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए स्टाफ के चरित्र का उचित सत्यापन किया जाए।
फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। वहीं, पीड़ित छात्र को मानसिक रूप से सहयोग देने के लिए काउंसिल की जा रही है।











Leave a Reply