By युनुस खान, दामजीपुरा (भीमपुर), Newsfirst24.in
Published: march, 2025, 04:47 PM
दामजीपुरा में जल संरक्षण पर संगोष्ठी आयोजित
पानी बचाने का संकल्प लिया, जागरूकता अभियान पर जोर
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में विकासखंड भीमपुर की नवांकुर संस्था ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा सेक्टर दामजीपुरा में जल संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सामाजिक कार्यों से जुड़े बैचलर ऑफ सोशल वर्क और मास्टर ऑफ सोशल वर्क के छात्र भी शामिल हुए। संगोष्ठी में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति दामजीपुरा की अध्यक्ष श्रीमती उषा ढिकारे, शिक्षिका प्रमिला काजले, वर्षा नागले, शिवप्रसाद कवडे, युनुस खान सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
जल संकट पर चिंता और समाधान
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई। पर्यावरणविद् लवकेश मोरसे ने कहा कि यदि हम अभी से सतर्क नहीं हुए तो भविष्य में पानी को लेकर वैश्विक संकट खड़ा हो सकता है। ग्लोबल वार्मिंग के चलते एक ओर समुद्री जल स्तर बढ़ रहा है, तो दूसरी ओर पीने योग्य जल तेजी से कम हो रहा है।
उन्होंने कहा, “हमने धरती में असंख्य छेद कर पानी निकालने के साधन तो बनाए, लेकिन जल पुनर्भरण पर ध्यान नहीं दिया। अब समय आ गया है कि हम ‘घर का पानी घर में, गांव का पानी गांव में, खेत का पानी खेत में’ रोकने की दिशा में ठोस प्रयास करें।”
यह खबर भी पढ़ें
नागपुर महाल हिंसा मामला: मुख्य आरोपी फहीम खान न्यायिक हिरासत में
आपत्तिजनक पोस्ट करने पर होगी कड़ी कार्रवाई – सहायक पुलिस उपायुक्त संजय सानप
समाज की भूमिका और जल बचाने के उपाय
ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की अध्यक्ष एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीमती उषा ढिकारे ने कहा कि “जल ही जीवन है। भोजन के बिना कुछ समय जीवित रह सकते हैं, लेकिन पानी के बिना जीवन असंभव है। धरती पर 70% पानी है, लेकिन पीने योग्य बहुत कम बचा है।”
शिक्षिका प्रमिला काजले ने बताया कि वर्षा जल संचयन, चेक डैम निर्माण और भूजल पुनर्भरण के प्रयासों से जल संकट को कम किया जा सकता है। वर्षा नागले ने कहा कि पानी का दुरुपयोग रोकना होगा और लोगों को इस विषय में निरंतर जागरूक करना चाहिए।
जल संरक्षण की शपथ
कार्यक्रम के अंत में लवकेश मोरसे ने सभी को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। इस शपथ में सभी ने जल बचाने, जल स्रोतों की सुरक्षा करने और समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
ग्राम बटकी में भी हुआ जल जागरूकता अभियान
इस संगोष्ठी के तहत ग्राम बटकी में भी जल संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम के सचिव दीपेलाल उईके, किशोर मार्शकोले समेत कई ग्रामीणों ने सहभागिता की।
Connect YouTube channel















Leave a Reply