बहराइच में राम गोपाल मिश्रा की हत्या के दो आरोपी एनकाउंटर में घायल, भागने की तैयारी में थे
- AIMIM के असदुद्दीन औवेसी ने कहा योगी की “ठोक देंगे” नीति के बारे में सब जानते हैं

बहराइच हिंसा मामले में यूपी पुलिस एक बार फिर अपने पुराने स्टाइल में आ गई। पुलिस की गोली लगने से राम गोपाल मिश्रा की हत्या के आरोपी रिंकू उर्फ सरफराज खान और मोहम्मद तालीम एनकाउंटर में बुरी तरह जख्मी हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। हालांकि इस पर भी पुलिस का वही रटा-रटाया जवाब सामने आया है कि वह भागने का प्रयास कर रहे थे तो गोली मारी दी। दोनों का बहराइच मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। जब पुलिसकर्मी सरफराज को ला रहे थे तो वह कह रहा था- सर गलती हो गई, माफ कर दीजिए।
पुलिस ने इसलिए मारी गोली, बताई कहानी
एनकाउंटर नेपाल बॉर्डर से 20 किमी पहले नानपारा कोतवाली क्षेत्र में हांडा बसेहरी नहर के पास हुआ। STF और बहराइच पुलिस सरफराज और तालीम को साथ लेकर डबल बैरल बंदूक और तमंचा बरामद कराने ले गई थी। एसपी वृंदा शुक्ला के मुताबिक, आरोपियों ने बंदूक और तमंचा लोडेड रखा था। उन लोगों ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने पहले उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा। बाद में जवाबी कार्रवाई में सरफराज और तालीम को गोली लगी।
अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया
यूपी के बहराइच में मूर्ति विसर्जन के दौरान पत्थरबाजी और गोलीबारी में एक युवक राम गोपाल मिश्रा की मौत हो गई थी। वहीं, कई लोग घायल भी हुए थे। इस घटना के बाद बहराइच में बड़े स्तर पर हिंसा हुई थी। अब पुलिस ने हिंसा और राम गोपाल मिश्रा की हत्या के कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से 5 मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी गुरुवार को की गई है। गिरफ्तारी के दौरान इनमें से दो आरोपियों को एनकाउंटर में गोली भी लगी है।
AIMIM के असदुद्दीन औवेसी ने कहा योगी की “ठोक देंगे” नीति के बारे में सब जानते हैं
AIMIM पार्टी के प्रमुख असदुद्दीन औवेसी ने गुरुवार को कहा कि बहराइच हिंसा के आरोपियों का पुलिस से “एनकाउंटर” का सच जानना मुश्किल नहीं है। योगी की “ठोक देंगे” नीति के बारे में सब जानते हैं। अगर पुलिस के पास इतना सबूत होता तो आरोपियों को क़ानूनी सज़ा दिलाने की कोशिश होती।
एनकाउंटर डराने के लिए- अखिलेश
राम गोपाल मिश्रा की हत्या के आरोपियों के एनकाउंटर पर सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए एनकाउंटर कर रही है। अगर एनकाउंटर से प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार होता तो यूपी अधिकांश राज्यों से कहीं आगे होता। अखिलेश यादव ने कहा है कि एनकाउंटर और हाफ एनकाउंटर डराने के लिए है।
<script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-7903123151729410"
crossorigin="anonymous"></script>




