By वसीम शेख अनवर,
Published: march 06, 2025, 02:37 PM
बुलढाणा: मस्साजोग के सरपंच संतोष देशमुख की निर्मम हत्या के खिलाफ बुलढाणे में आज नागरिकों ने उग्र विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हत्या के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की और इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा की। विरोध प्रदर्शन शहर के संगम चौक स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज स्मारक के सामने हुआ, जहां बड़ी संख्या में नागरिक, सामाजिक संगठन और सर्वदलीय नेता एकजुट होकर न्याय की मांग कर रहे थे।
राज्य सरकार पर उठाए सवाल
प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के फैसलों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि अगर इस हत्याकांड में धनंजय मुंडे की कोई संलिप्तता नहीं थी, तो फिर राज्य सरकार ने उनसे इस्तीफा क्यों लिया? इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। विरोध प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने सरकार से इस मामले में पारदर्शिता बरतने और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग की।
यह खबर भी पढ़ें
गढ़चिरौली पुलिस और CRPF की बड़ी सफलता: दो कुख्यात माओवादी गिरफ्तार
बुलढाणा: महाबोधी विहार बौद्ध भिक्षुओं को सौंपने की मांग, जिलाधिकारी कार्यालय पर मूक मोर्चा
10 मार्च को बुलढाणा बंद का ऐलान
सरपंच संतोष देशमुख को न्याय दिलाने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग को लेकर आंदोलनकारियों ने 10 मार्च को बुलढाणा बंद का ऐलान किया है। इस बंद के दौरान सभी व्यापारियों और आम नागरिकों से सहयोग करने की अपील की गई है। स्थानीय संगठनों ने भी इस बंद को अपना समर्थन दिया है और इसे शांतिपूर्ण तरीके से सफल बनाने का संकल्प लिया है।
सरपंच संतोष देशमुख की हत्या से बुलढाणा जिले में आक्रोश व्याप्त है, और नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।











Leave a Reply